Weather Alert: पांगी: जनजातीय उपमंडल पांगी में मौसम के मिजाज ने एक बार फिर करवट ले ली है। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने सड़कों और रास्तों को जोखिम भरा बना दिया है। आमजन की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उपमंडल दंडाधिकारी अमनदीप सिंह ने अलर्ज जारी करते हुए बताया कि मौजूदा समयें पांगी में पहाड़ियों से पत्थर गिरने का खतरा काफी बढ़ गया है, इसलिए लोगों को विशेष एहतियात बरतने की आवश्यकता है।
प्रशासन की ओर से जारी एडवाइजरी का मुख्य उद्देश्य किसी भी बड़ी दुर्घटना को टालना है। एसडीएम ने लोगों से स्पष्ट शब्दों में कहा है कि जब तक कोई अत्यंत आवश्यक कार्य न हो, तब तक अनावश्यक यात्राओं से बचें। बारिश के दौरान सड़कें फिसलन भरी हो जाती हैं और कब पहाड़ का कौन सा हिस्सा खिसक जाए, यह कह पाना मुश्किल होता है। यदि घर से निकलना अनिवार्य है, तो पूर्ण सावधानी बरतें और प्रशासन, पुलिस तथा बीआरओ द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का हर हाल में पालन करें।
जनजातीय क्षेत्रों में बारिश के दौरान पहाड़ी रास्तों पर पत्थर गिरने की घटनाएं आम हो जाती हैं, जो जानलेवा साबित हो सकती हैं। मौसम को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने उन सभी संवेदनशील स्थानों पर नजर रखने के निर्देश दिए हैं, जहाँ भूस्खलन की संभावना अधिक रहती है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे अपनी यात्रा के दौरान सतर्क रहें और रास्तों पर बीआरओ द्वारा दी गई चेतावनी के बोर्ड पर ध्यान दें।
प्रशासन ने लोगों से किसी भी प्रकार की पैनिक स्थिति न बनाने की भी अपील की है। यदि आप कहीं फंस जाते हैं या आपको किसी आपदा की सूचना मिलती है, तो तुरंत अपने निकटतम प्रशासनिक केंद्र या पुलिस इकाई को सूचित करें। आपकी एक छोटी सी जानकारी किसी की जान बचा सकती है। प्रशासन की ओर से पूरी मशीनरी को अलर्ट पर रखा गया है ताकि किसी भी आपातकालीन स्थिति में तुरंत राहत पहुंचाई जा सके। सुरक्षित रहें और मौसम के साफ होने तक धैर्य बनाए रखें।